लोहारा में बाइक-चौपहिया की भिड़ंत, 17 वर्षीय किशोरी समेत चार गंभीर

0
48

गोंदिया. देवरी तहसील के लोहारा गांव के समीप गुरुवार की शाम करीब 7.30 बजे बाइक और चौपहिया वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा. दुर्घटना में 17 वर्षीय किशोरी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. इनमें से दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. घायलों में परसटोला निवासी कीर्तिका रमेश बागड़े (17), आमगांव के ननसरी निवासी नरेश प्रल्हाद वासनिक, ललित प्रेमकुमार पंधराम (22) व देवानंद भक्तवर्ती (30) शामिल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौपहिया वाहन क्र. एमएच 35 – एडब्ल्यू 7215 आमगांव से देवरी की ओर आ रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ने चौपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर नागरिकों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने नरेंद्र महाराज संस्थान की एंबुलेंस और पुलिस को जानकारी दी. नागरिकों की मदद से घायलों को तत्काल देवरी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया. देवरी ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल, गोंदिया रेफर किया गया. इनमें से दो घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. दुर्घटना किस वजह से हुई, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. जांच देवरी पुलिस द्वारा की जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here