गोंदिया. गोंदिया शहर की विकास नीतियों को साकार करने के लिए, अधूरे नियोजित कार्यों को समय पर पूरा किया जाए और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का समाधान किया जाए तथा यंत्रणाएं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय से कार्य करे, यह निर्देश राज्य के सहकारिता मंत्री व जिले के पालकमंत्री बाबासाहेब पाटिल ने जिलाधीश कार्यालय के सभागृह में नगर परिषद व अल्पसंख्यक विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक में दिए. जिलाधीश प्रजित नायर, जिप सीईओ मुरुगानंथम, अपर जिलाधीश मीनाज मुल्ला, पूर्व विधायक राजेंद्र जैन उपस्थित थे.
पाटिल ने कहा कि गोंदिया शहर में भूमिगत जल निकासी के काम में नागरिकों को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए, उक्त कार्य में तेजी लाकर गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाए, पांगोली नदी परिसर में डंपिंग यार्ड बनाया जाएगा. उक्त क्षेत्र 4.38 हेक्टेयर है. इसके लिए ठोस अपशिष्ट निपटान के लिए निविदा दी जाए, गोंदिया नगर परिषद के अंतर्गत 1072 डंप हैं इनमें से कुछ डंपों की अगले 15 दिनों में ई-नीलामी की जाए.
गोंदिया नगर परिषद में 272 कर्मचारी हैं, जो सड़कों और नालियों की सफाई करते हैं. गोंदिया शहर को जोड़ने वाले एकमात्र भूमिगत मार्ग में सड़कों, रोशनी और जल निकासी पर चर्चा की गई. नगर परिषद सुभाष उद्यान का काम प्रगति पर है. गोंदिया शहर में जलापूर्ति बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. बैठक में रेलटोली स्थित सभागृह, नगर परिषद प्रशासनिक भवन के काम, रेलटोली पाल चौक से कुड़वा नाका जाने वाले मार्ग पर एनएमडी कॉलेज के पास नगर परिषद की पाइप लाइन फूटने से क्षतिग्रस्त हुए क्षेत्रों की मरम्मत और सुरक्षा दीवार की खराब स्थिति पर चर्चा की गई.
पालकमंत्री पाटिल ने आगे कहा कि गोंदिया जिले में मुस्लिम लड़कियों के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुस्लिम बंधु जिलाधीश कार्यालय में प्रस्ताव प्रस्तुत करें. भंडारा जिले की तर्ज पर गोंदिया में मौलाना अब्दुल कलाम आजाद अल्पसंख्यक महामंडल की स्थापना करने के लिए सरकार को प्रस्ताव प्रस्तुत करें. मुस्लिम समुदाय के छात्र-छात्राएं दसवीं कक्षा के बाद व्यावसायिक शिक्षा के लिए कौन-सा ट्रेड आवश्यक है, यह तय कर शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गोंदिया को प्रस्ताव प्रस्तुत करें. उन्होंने कहा कि गोंदिया शहर में ईसाई समुदाय के लिए श्मशान भूमि उपलब्ध न होने के कारण गोंदिया शहर के बाहर स्थान तलाशा जाए. बैठक में जिला नियोजन अधिकारी सुनील धोंगड़े, नगर परिषद के मुख्य अधिकारी संदीप बोरकर, पुलिस निरीक्षक नंदिनी चानपुरकर और संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.






