विलय की चर्चा महज अफवाह, भाजपा-अजित गुट के लोग फैला रहे भ्रम : विधायक रोहित पवार

0
10

सूखे की स्थिति को लेकर सरकार से करेंगे मांग
गोंदिया. राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस अजित पवार गुट के एक साथ आने की चर्चाएं महज अफवाह हैं। भाजपा और अजित पवार गुट के कुछ लोग ऐसी चर्चाएं फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता शरद पवार भी पहले ही इस चर्चा को निराधार बता चुके हैं। यह बात राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार गुट के नेता विधायक रोहित पवार ने मंगलवार (8 सितंबर) को गोंदिया में आयोजित पत्रकार परिषद में कही। रोहित पवार ने कहा कि अजित पवार गुट यदि भाजपा का साथ छोड़ता है, तभी दोनों दलों के विलय की चर्चा संभव है। फिलहाल विलय को लेकर चल रही चर्चा का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के विलय की चर्चा अब समाप्त हो चुकी है, इसलिए इस विषय पर चर्चा करने का कोई अर्थ नहीं है।

MPSC अध्यक्ष को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना
विधायक रोहित पवार ने महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि MPSC के वर्तमान अध्यक्ष परिवहन आयुक्त रहते हुए उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी। ऐसी कई शिकायतों को वे सबूतों के साथ क्रमश: सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे व्यक्ति को MPSC अध्यक्ष पद पर रखकर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। मुख्यमंत्री को यदि उनसे अपनी मित्रता निभानी है तो उन्हें MPSC अध्यक्ष को विधायक बनाकर मंत्री बना देना चाहिए, ऐसी टिप्पणी भी उन्होंने की।

छात्र आंदोलन में राजनीति न करें भाजपा
रोहित पवार ने कहा कि उन्होंने विद्यार्थियों के आंदोलन का समर्थन किया, जिसके बाद भाजपा के सोशल मीडिया सेल ने उनके खिलाफ टीका-टिप्पणी कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया। भाजपा को विद्यार्थियों के आंदोलन में राजनीति नहीं करनी चाहिए। आंदोलन को राजनीतिक रंग देकर उसे बदनाम करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए, ऐसी आलोचना उन्होंने की। विधायक रोहित पवार मंगलवार को गोंदिया जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से संवाद किया। पत्रकार परिषद में पूर्व विधायक सुनील भुसारा, सलील देशमुख, रविकांत बोपचे, मेघा बिसेन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here