सीसीटीवी केबल काटकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश
गोंदिया. मुंबई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 53 के जंगल क्षेत्र में स्थित आदिवासी समाज के आराध्य स्थल शशिकरण बाबा मंदिर तथा योगीराज धुनीवाले बाबा सेवा ट्रस्ट में अज्ञात चोरों ने शनिवार देर रात साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना शनिवार, 25 जुलाई की मध्यरात्रि के आसपास की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले योगीराज धुनीवाले बाबा सेवा ट्रस्ट के मुख्य प्रवेश द्वार की ग्रिल तोड़कर परिसर में प्रवेश किया. इसके बाद दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली. साथ ही पीतल की दानपेटी और पीतल की आरती थाली भी चोरी कर ले गए. चोरी हुए इस सामान की कीमत लगभग 7 से 8 हजार बताई गई है. इसके बाद चोरों ने शशिकरण बाबा मंदिर के पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और वहां रखी दानपेटी तोड़ दी. मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, दानपेटी में रखी लगभग 9 से 10 हजार की नकदी चोर अपने साथ ले गए. चोरी के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से चोरों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की केबल भी काट दी. इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात पूरी योजना के साथ अंजाम दी गई. घटना की सूचना मिलते ही डुग्गीपार पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कर मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है.



