शादी के लिए नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म, हाथ-पैर बांधकर जिप स्कूल में रात भर रखा

0
354

गोंदिया. शादी से इनकार किए जाने से नाराज होकर एक युवक ने गांव की ही एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं तो उसके हाथ-पैर व मुंह बांधकाम उसको जिला परिषद स्कूल के कमरे में बंद रखने की घटना तिरोड़ा तहसील में बुधवार, 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे सामने आई. इस घटना से हडकंप मच गया. आरोपी का नाम सुमित देवानंद उईके (21) बताया गया है. इस मामले में दवनीवाड़ा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
जानकारी के अनुसार, नाबालिग पीड़ित लड़की और आरोपी सुमित उईके एक ही गांव के निवासी हैं और पिछले दो वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे. तीन महीने पहले आरोपी ने पीड़िता से उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए थे. हालांकि इसके बाद भी आरोपी का अत्याचार नहीं रुका. घटना वाले दिन आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर जबरन बाइक पर बैठाया और उसका अपहरण कर लिया. वह उसे गांव के जिला परिषद प्राथमिक स्कूल के एक कमरे में ले गया. वहां उसने धमकी दी कि मुझसे शादी कर लो, नहीं तो जान से मार दूंगा. जब पीड़िता ने सख्ती से इनकार कर दिया तो आरोपी क्रूरता की पराकाष्ठा पर पहुंच गया. उसने पीड़िता के मुंह, हाथ और पैर को रस्सी से कसकर बांध दिया और उसे उसी कमरे में बंद कर दिया और खुद वहां से भाग गया. अगले दिन स्कूल खुलने पर घटना की जानकारी हुई. इस घटना से तहसील में सनसनी फैल गई है और एक बार फिर लड़कियों की सुरक्षा का मुद्दा सामने आ गया है. पीड़िता की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर दवनीवाड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. स्कूल जैसी पवित्र जगह पर हुई इस घिनौनी हरकत से नागरिक तीव्र आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं. इस बीच, तिरोड़ा उपविभागीय पुलिस अधिकारी साहिल झरकर ने जानकारी दी है कि आरोपी को पुलिस ने देर रात तक गिरफ्तार कर लिया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here