संसद के वरिष्ठ सभागृह में सांसद राजेंद्र जैन का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न 

0
15

गोंदिया. मंगलवार, 29 जून को नई दिल्ली में संसद के वरिष्ठ सदन राज्यसभा में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य (सांसद) राजेंद्र जैन ने पद व गोपनीयता की शपथ लेकर अपने संसदीय कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की. राज्यसभा के सभापति एवं भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णण ने सांसद राजेंद्र जैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए सांसद राजेंद्र जैन ने देशहित, संविधान के मूल्यों और जनता की अपेक्षाओं के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया.
शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि वे राज्यसभा में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ विकास और जनहित के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे. विशेष रूप से भंडारा-गोंदिया सहित पूरे महाराष्ट्र के विकास से जुड़े विषयों को संसद में मजबूती से रखने की प्रतिबद्धता भी उन्होंने व्यक्त की. इस अवसर पर उन्होंने अपने राज्यसभा निर्वाचन के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सांसद प्रफुल्ल पटेल, सांसद सुनील तटकरे, वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, सांसद पार्थ पवार, तथा दिलीप वलसे पाटिल सहित राज्य के सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए वे राज्यसभा में क्षेत्रीय विकास, जनकल्याण और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here