समृद्धि महामार्ग से सीधी विमान सेवा तक, प्रफुल्ल पटेल ने रखा विकास का ‘रोडमैप’

0
39

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी गति; किसानों की कर्जमाफी और बोनस पर जल्द निर्णय के संकेत

गोंदिया : जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ ही किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है। यह जानकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने रामनगर स्थित अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। इस दौरान उन्होंने गोंदिया जिले के विभिन्न महत्वाकांक्षी प्रकल्पों को लेकर विकास का विस्तृत ‘रोडमैप’ सामने रखा।

मुंबई -नागपुर-गोंदिया समृद्धि महामार्ग का काम तेजी से शुरू होने की जानकारी देते हुए पटेल ने कहा कि इसके पूरा होने के बाद गोंदिया के साथ ही बालाघाट, आमगांव, देवरी और कोहमारा क्षेत्र को मुंबई सहित राज्य के प्रमुख शहरों से तेज और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। यह महामार्ग क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

दिवाली तक बिरसी से उड़ान की तैयारी

बिरसी विमानतल से बंद विमान सेवा को पुन: शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। गोंदिया-हैदराबाद विमान सेवा को अपेक्षित यात्री नहीं मिलने के कारण सेवा प्रभावित हुई थी। अब दिवाली तक गोंदिया से नवी मुंबई के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पटेल ने कहा कि इसके लिए संबंधित स्तर पर प्रयास जारी हैं।

कर्जमाफी और बोनस पर जल्द निर्णय

किसानों के मुद्दे पर पटेल ने कहा कि 2 लाख रुपए तक की कर्जमाफी और बोनस के विषय में सरकार जल्द ही ठोस भूमिका स्पष्ट करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों मुद्दों पर शासन स्तर पर सकारात्मक प्रक्रिया चल रही है और जल्द निर्णय होने की उम्मीद है।

कनेक्टिविटी बढ़ी तो बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

पटेल ने कहा कि गोंदिया जिले के विकास के लिए सड़क, रेल और हवाई मार्ग की कनेक्टिविटी मजबूत होना आवश्यक है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में व्यापार, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर निर्माण होंगे। उन्होंने विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न स्तरों पर समन्वय से प्रयास जारी रहने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here