30 टन चावल बेचकर छिपा दिया था ट्रक, मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
गोंदिया. गोंदिया जिले के सावरी बस स्टॉप परिसर में 17 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे हुई चर्चित ट्रक चोरी मामले में रावणवाड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। आखिरकार 30 जुलाई की सुबह पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सावरी बस स्टॉप के पास खड़े एक ट्रक की चोरी कर उसमें लदे करीब 30 टन चावल को अन्य स्थान पर बेच दिया था। इसके बाद ट्रक को भी छिपा दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. रावणवाड़ी पुलिस ने तकनीकी जांच, गोपनीय सूचना और लगातार चलाए गए तलाशी अभियान के आधार पर आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया. गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत चोरी सहित विभिन्न अपराध दर्ज किए गए हैं. मामले की आगे की जांच रावणवाड़ी पुलिस द्वारा की जा रही है. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी, गोंदिया के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। पुलिस निरीक्षक रामदास शेवते एवं उनकी टीम ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक चोरी के इस चर्चित मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया.



