सुगंधित तंबाकू का जखिरा देखकर हैरान, 4.38 लाख का माल जब्त

0
2

गोंदिया. अन्न व औषधि प्रशासन द्वारा शहर से सटे फूलचुर में संग्रहित सुगंधित तंबाकू अड्डे पर छापामार कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई में कुल 4 लाख 38 हजार 774 रु. का माल जब्त किया गया. इस मामले में ग्रामीण पुलिस ने फूलचुर निवासी आरोपी संतोष प्रेमचंद जैस्वाल (45) के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
राज्य के अन्न व औषधि प्रशासन आयुक्त तुकाराम मुंडे ने जब से सुगंधित तंबाकू, गुटखा पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है, तभी से इनकी बिक्री करनेवालों में हड़कंप मचा हुआ है. अन्न व औषधि प्रशासन द्वारा छापामार कार्रवाई कर प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू, गुटखा को जब्त किया जा रहा है. इसी बीच अन्न व औषधि प्रशासन गोंदिया के अन्न सुरक्षा अधिकारी चैतन्य जनार्दन नानोटे को जानकारी मिली कि गोंदिया के फूलचुर निवासी आरोपी संतोष प्रेमचंद जैस्वाल (45) ने बिक्री के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर सुगंधित तंबाकू, पान मसाला का अवैध संग्रहण कर रखा है. जानकारी मिलते ही उसके अड्डे पर छापामार कार्रवाई की गई. छापा मारने पहुंची टीम भी तंबाकू के जखिरे को देखकर हैरान रह गई. जब्त किए गए माल में पान मसाला, पान बहार, सुगंधित तंबाकू आदि का समावेश है. जब्त किए गए सुगंधित तंबाकू का वजन ग्राम में न होकर किलो में है. संपूर्ण माल की कीमत 4 लाख 38 हजार 774 रु. बताई गई है. आरोपी के खिलाफ ग्रामीण थाने में मामला दर्ज किया गया है. शहर में सुगंधित तंबाकू बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे कार्रवाई के अभियान से जिले के पानटपरी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है. अनेकों पान टपरियां तो बंद ही दिखाई पड़ रही है. जिससे गुटखा शौकिनों की चिंता बढ़ गई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here