सेंधमारी का शातिर अपराधि गिरफ्तार, 4.29 लाख रु. का माल जब्त

0
145

गोंदिया. जिले के नवेगांवबांध, डुग्गीपार व अर्जुनी मोरगांव थाना परिसर से लाखों का माल चोरी कर फरार हुए शातिर अपराधि को स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने 25 अप्रैल को गड़चिरोली जिले के आरमोरी से गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम यवतमाल जिले के पुनवट, वनी निवासी सुरेश नामदेव कामरे (60) बताया गया है. आरोपी के पास से कुल 4 लाख 29 हजार 525 रु. का माल जब्त किया गया है.
जानकारी के अनुसार, नवेगांवबांध थाने के तहत वाढई मोहल्ला निवासी फिर्यादी विश्वनाथ गोपाला डोंगरवार (66) के घर का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने 51 हजार रु. के सोने­-चांदी के आभूषण चोरी किया था. जिसकी शिकायत नवेगांवबांध थाने में की गई थी. जिसकी जांच जारी थी. इसी बीच स्थानीय अपराध शाखा टीम को नवेगांवबांध में हुए चोरी में यवतमाल जिले के वनी निवासी सुरेश नामदेव कामरे शामिल होने की जानकारी मिली. जानकारी के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के मार्गदर्शन में आरोपी पता लगाने के लिए दो टीम तैयार कर चंद्रपुर, गड़चिरोली व नागपुर भेजा गया. गड़चिरोली में आरोपी तलाश करते समय आरोपी आरमोरी बाजार परिसर में दिखाई दिया. उसे हिरासत में लेकर उसकी गहनता से पूछताछ करने पर उसने नवेगांवबांध में चोरी करने का अपराध कबुल किया. साथ ही डुग्गीपार थाने के तहत ग्राम मुरपार/राम व अर्जुनी मोरगांव के ग्राम बोंडगांवदेवी में चोरी करने का अपराध कबुल किया. वहीं उसने बताया कि चोरी का माल गड़चिरोली जिले के ग्राम वैरागड़ के ज्वेलर्स दुकानदार प्रमोद डुंभरे को बिक्री किया है. प्रमोद डुंभरे के पास से कुल 4 लाख 29 हजार 525 रु. कीमत के सोने के आभूषण जब्त किए गए. आगे की जांच के लिए आरोपी को नवेगांवबांध पुलिस को सौंप दिया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश व स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक वनिता सायकर, हवलदार तुलसीदास लुटे, दुर्गेश तिवारी, प्रकाश गायधने, सिपाही हंसराज भांडारकर, सुनिल डहाके, घनश्याम कुंभलवार ने की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here