गोंदिया. शहर पुलिस ने संजयनगर गोविंदपुर निवासी आरोपी असलान उर्फ बाबु इकबाल खान (21) के घर से 19.7 ग्राम एमडी क्रिस्टल पावडर जब्त किया है. जिसकी कीमत 4 लाख 33 हजार 400 रु. बताई गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर शहर थाने में मामला दर्ज किया गया.
जानकारी के अनुसार, शहर थाने के पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते के आदेश पर पुलिस टीम गश्त कर रही थी. इसी दौरान जानकारी मिली कि संजयनगर गोविंदपुर निवासी असलान उर्फ बाबू इकबाल खान मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है. जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापा मारा. इस बीच घर की तलाशी लेने पर बेडरुम में एक लोहे की पेटी में मटमैले रंग का पावडर दिखाई दिया. पावडर के बारे में उससे पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह पावडर मादक पदार्थ मेथॉडान (एम.डी.) क्रिस्टल पावडर है. पुलिस ने 4 लाख 33 हजार 400 रु. कीमत का 19.7 ग्राम एमडी क्रिस्टल पावडर व एक 10 हजार रु. कीमत का मोबाइल ऐसा कुल 4 लाख 43 हजार 400 रु. का माल जब्त किया है. आरोपी के खिलाफ शहर थाने में मामला दर्ज किया गया. जांच सहायक पुलिस निरीक्षक वैभव गेडाम कर रहे हैं. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी साहिल झरकर के मार्गदर्शन में शहर थाने के पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते, सहायक पुलिस निरीक्षक वैभव गेडाम, डी.बी. टीम के पुलिस उपनिरीक्षक अनिल डोंगरवार, सहायक फौजदार कवलपालसिंग भाटिया, हवलदार सुदेश टेंभरे, दीपक रहांगडाले, निशिकांत लौंदासे, सतिश शेंडे, प्रमोद चव्हाण, सिपाही दिनेश बिसेन, सुभाष सोनवाने, अशोक रहांगडाले, कुणाल बारेवार, मुकेश रावते, प्रमोद शेंडे, सोनू नागपुरे, राकेश बंजारे, अजय बोपचे, विजय बिसेन ने की है.



