गोंदिया. गोंदिया जिला परिषद शिक्षा विभाग की ओर से अटल क्रीड़ा महोत्सव की शुरूआत पिछले दो दिनों से शुरू हो चुकी है. इस महोत्सव में जिला परिषद की 1 हजार 38 शालाओं के 60 हजार से अधिक खिलाडियों ने हिस्सा लेकर अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे. गोरेगांव तहसील के पिंडकेपार में 8 दिसंबर को अटल क्रीड़ा व सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ जिला परिषद अर्थ व बांधकाम सभापति डा. लक्ष्मण भगत की अध्यक्षता में पूर्व जिप अध्यक्ष पंकज रहांगडाले के हस्ते किया गया. ध्वजारोहण सरपंच योगिता शहारे ने किया. इस अवसर पर शाला समिति अध्यक्ष राजेंद्रनाथ मेश्राम, ग्राम पंचायत सदस्य नीलकंठ बिसेन, कंचना शहारे, सेवानिवृत मुख्याध्यापक पी. डी. पटले, डा. निधि चव्हाण, मीना मेश्राम, रमेश बिसेन, रविशंकर नागोसे,खेमेंद्र बिसेन आदि उपस्थित थे.
उल्लेखनीय है कि, शिक्षा के साथ शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए जिला परिषद शिक्षा विभाग की ओर से जिप शालाओं के विद्यार्थियों की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाता है. अटल क्रीड़ा महोत्सव के माध्यम से केंद्र, तहसील व जिलास्तरीय स्पर्धाएं ली जाती है, जिसमें स्वदेशी खेल कबड्डी, खो-खो, लेझीम, योगा, गायन, नृत्य, नाटक तथा अन्य खेलों का समावेश रहता है. इस स्पर्धा में कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेते है. गोंदिया जिले में जिला परिषद की 1 हजार 38 शालाएं संचालित है. इन शालाओं के विद्यार्थी स्पर्धा में हिस्सा लेकर अपने हुनर का प्रदर्शन करते है. जिले में पिछले दो दिनों से केंद्र स्तरीय अटल क्रीड़ा महोत्सव का शुभारंभ हो चुका है. बताया गया है कि, इस क्रीड़ा महोत्सव में लगभग 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया है. इसके बाद तहसील स्तर की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी और 27 या 28 दिसंबर को जिला स्तरीय अटल क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन अर्जुनी मोरगांव तहसील में किए जाने का नियोजन किया गया है.
पिंडकेपार में अटल क्रिडा महोत्सव प्रारंभ
RELATED ARTICLES






