गोंदिया. गोंदिया-भंडारा जिले में इलाज के नाम पर बच्चे को बेचने का मामला वायरल हो रहा है. इस मामले के मुख्य आरोपी गोंदिया के डा. नितेश बाजपेयी पर गोंदिया के रामनगर थाने में पोक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके साथ ही एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
गोंदिया के न्यू बालाजी अस्पताल के संचालक डा. नितेश बाजपेयी द्वारा प्रसुति के लिए अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद पैदा हुए बच्चे को बेचने का मामला 2 फरवरी को सामने आया. इस संबंध में वरठी थाने में मामला दर्ज किया गया. इस संबंध में अब तक डा. बाजपेयी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जबकि बेचे गए दो बच्चों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. इस मामले में एक एसआईटी गठित की गई है. उपविभागीय पुलिस अधिकारी शिवम विसापुरे इस मामले के जांच अधिकारी हैं और एसआइटी के प्रमुख हैं. भंडारा पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं गोंदिया के रामनगर थाने में डा. नितेश बाजपेयी के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने दिसंबर में जब्त की गई बच्ची के जन्म देने वाले माता-पिता का पता लगा लिया है. डा. बाजपेयी ने अपने अस्पताल में छत्तीसगढ़ राज्य की एक नाबालिग लड़की की डिलीवरी कराई थी और बच्ची को बेच दिया था. नाबालिग लड़की की डिलीवरी की जानकारी पुलिस को न देने के लिए डा. बाजपेयी के खिलाफ धारा 4,6,8,21 के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके साथ ही मुकेश कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. रामनगर थाने के पुलिस उपनिरीक्षक संजय नागरगोजे ने बताया है कि मुकेश कुमार के खिलाफ पोक्सो और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया हैं. डा. बाजपेयी फिलहाल भंडारा पुलिस की कस्टडी में हैं और जांच चल रही है. उम्मीद है कि इस मामले में और भी कई बातें सामने आएंगी.
बच्चा बिक्री मामला: डा. बाजपेयी सहित अन्य एक व्यक्ति पर रामनगर थाने में पोक्सो के तहत मामला दर्ज
RELATED ARTICLES






