गोंदिया. लड़की के घर शादी की रस्म निभाकर गोरेगांव तहसील के मोहाड़ी की ओर जा रहे बाराति से भरी बस ओवरटेक करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस दुर्घटना में एक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना आज, 12 मार्च को सुबह के दौरान गोंदिया-गोरेगांव रोड पर स्थित करंजा के पास घटित हुई. मृतक का नाम नागपुर के वाड़ी निवासी सोनू घनश्याम उईके (27) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, गोरेगांव तहसील के चोपा मोहाड़ी के वरखड़े परिवार ने मध्य प्रदेश के खैरलांजी के पास माखेपार की लड़की पसंद की थी. 11 मार्च को बारात अविनाश ट्रैवल्स कंपनी की बस क्र. एमएच 03- एन 9352 में शादी के लिए माखेपार गए थे. शादी के बाद, 45 बारातियों को लेकर बस रात में मोहाड़ी के लिए रवाना हुई. सुबह-सुबह कारंजा के पास ट्रेवल्स का चालक तरबूज से भरे ट्रक को ओवरटेक कर रहा था, तभी ट्रेवल्स ने ट्रक को टक्कर मार दी. चालक ने ट्रेवल्स पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रेवल्स सड़क के नीचे उतर गई. घटना के बाद चालक डर के मारे खिड़की से कूदकर भाग गया. जब यह घटना हुई, तो बस में सभी बाराती गहरी नींद में सो रहे थे. लेकिन, जैसे ही हादसा हुआ, सभी बारातियों में भागदौड़ मच गई. कुछ यात्रियों ने सावधानी बरतते हुए बस में फंसे यात्रियों को तुरंत खिड़की से बाहर निकाला. घटना की जानकारी मिलते ही कारंजा के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. इस घटना में नागपुर के वाड़ी निवासी सोनू घनशाम उईके (27) की मौत हो गई. जबकि 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. जिनमें कवलीटोला निवासी हेमराज चौहान (50), कोहमारा निवासी शोभा उदल पंधरे (70), कोहमारा निवासी नैतिक शाम सिडाम (14) व नागपुर के वाड़ी निवासी लक्ष्मी घनशाम उईके (65) शामिल हैं. ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज किया है. आगे की जांच चल रही है.
ओवरटेक करना पड़ा भारी, बारातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, चार घायल
RELATED ARTICLES






