सुअरों के हमले में तीन घायल, तिरोड़ा तहसील के बेलाटी खुर्द मार्ग की घटना

0
162

गोंदिया. तिरोड़ा रेलवे स्टेशन के पास पंचायत समिति से बेलाटी खुर्द रोड पर सुअरों की बढ़ती संख्या ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. शनिवार की रात करीब 8 बजे तिरोड़ा से मुंडीपार जाते समय अचानक सुअरों का झुंड सड़क पर आ गया और तीन लोगों को घायल कर दिया. इस दुर्घटना में गौरव रामकिसन क्षीरसागर (25), रंजना रामकिसन क्षीरसागर (50) व निधि पुरुषोत्तम केलवटकर (13) घायल हुए हैं. उनका तिरोड़ा के सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है. इस घटना का संज्ञान लेते हुए मनपा को सूअरों पर नियंत्रण के लिए उपाय करने चाहिए, ऐसी मांग जिप सदस्य किरणकुमार पारधी ने की है.
शहर और उसके आसपास के इलाकों में सूअरों का आतंक बढ़ गया है. पिछले महीने में इस क्षेत्र में सूअरों के कारण करीब 10 से 12 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. यह आशंका जताई जा रही है कि पानी टाकी (ढोला) क्षेत्र में मछली बाजार होने से इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में सूअर आ रहे हैं. साथ ही ढोला से बेलाटी खुर्द मार्ग पर तिरोड़ा नगर परिषद सीमा में सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में झाड़ियां उगने के कारण वाहन चालकों को सड़क पार करते सूअर या जानवर दिखाई नहीं देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है. बेलाटी, मुंडीपार, मांडवी, कवलेवाड़ा, सालेवाड़ी और देवला परिसर के लोग और स्कूल के बच्चे भी इस रास्ते से साइकिल से आते-जाते हैं. इसलिए, लोगों की सुरक्षा के लिए, सूअरों को नियंत्रित किया जाए और सड़क के दोनों तरफ उगी झाड़ियों को हटाकर सड़क को साफ किया जाए, ऐसी मांग जिप सदस्य किरणकुमार पारधी ने की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here