Monday, March 30, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedमांडोदेवी देवस्थान में 34वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह भव्य आयोजन 27 मार्च को, रामनवमी...

मांडोदेवी देवस्थान में 34वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह भव्य आयोजन 27 मार्च को, रामनवमी के पावन अवसर पर अबतक 186 जोड़ों का पंजीकरण

विधायक विनोद अग्रवाल की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित रहने का निवेदन
गोंदिया : श्री सूर्यादेव मांडोबाई देवस्थान समिति, बघेडा (तेढा), तहसील आमगांव, जिला गोंदिया द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 27 मार्च 2026 को रामनवमी के पावन अवसर पर 34वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष संस्था ने 111 जोड़ों का लक्ष्य रखा था, परंतु श्रद्धालुओं व समाजजन के उत्साह के कारण अब तक 186 जोड़ों का पंजीकरण पूर्ण हो चुका है। सभी नवयुगल माँ मांडोदेवी के आशीर्वाद से बिना किसी शुल्क के परिणय सूत्र में बंधेंगे।
संस्था के अध्यक्ष एवं विधायक विनोद अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन वर्ष 1993 से निरंतर चल रहा है, और सामूहिक विवाह के माध्यम से समाज में आर्थिक, समयबद्ध और संस्कारयुक्त वैवाहिक व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाता है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी वर–वधू दंपतियों को विवाहोपरांत जीवनोपयोगी सामग्री, वस्त्र तथा सोने का मंगलसूत्र प्रदान किया जाएगा। संस्था अध्यक्ष सहित उपाध्यक्ष भैयालाल सिंदराम, सचिव डॉ. लक्ष्मण भगत, सहसचिव कुशन घासले, कोषाध्यक्ष विश्वनाथ असाटी, तथा सभी पदाधिकारियों ने समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है। मंदिर के पुजारी पंडित अयोध्यादास जी महाराज ने भी सभी भक्तों को रामनवमी पर्व पर आशीर्वाद लेने का आग्रह किया है।

मध्य भारत का प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल : सूर्यादेव मांडोबाई देवस्थान
सूर्यादेव मांडोदेवी देवस्थान को धार्मिक व सामाजिक कार्यों हेतु महाराष्ट्र सरकार के सामाजिक न्याय विभाग का सर्वोच्च फूले–शाहू–आंबेडकर पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। संस्था द्वारा सर्वधर्म समभाव, मानव कल्याण और विश्व कल्याण की संकल्पना को साकार किया जा रहा है, जिसके कारण यह स्थल मध्य भारत का प्रमुख तीर्थ–पर्यटन केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन 3 से 4 हजार श्रद्धालु व पर्यटक दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और देवी के प्राचीन मंदिर के कारण यह स्थल विशेष आकर्षण का केंद्र है। भक्तों हेतु लगभग 50 से अधिक दुकानें व होटल उपलब्ध हैं। संस्था द्वारा निरंतर आरोग्य शिविर, सामाजिक सेवा कार्यक्रम, तथा प्रतिदिन विवाह सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अब तक हजारों विवाह, जिनमें बड़ी संख्या में अंतरजातीय विवाह, संपन्न करवाए जा चुके हैं—जो सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में उल्लेखनीय उदाहरण हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments