गोंदिया. सालेकसा तहसील के अंतर्गत आने वाले कारूटोला ग्राम पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यह घटना 17 अप्रैल को सुबह करीब 8 बजे सामने आई, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.
जानकारी के अनुसार, कारूटोला गांव के पास धरण (बांध) के कालवे के किनारे साखरीटोला निवासी भागेश लांजेवार का धान का खेत है. शुक्रवार सुबह खेत में एक युवक का शव उल्टी (पालथी) अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दिया. मृतक ने लाल रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जीन्स की हाफ बरमुडा पहन रखी थी. सबसे पहले इस घटना की जानकारी संजय हरिणखेडे ने शेतमालिक को दी, जिसके बाद तुरंत सालेकसा पुलिस को सूचना दी गई. शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. ग्रामीणों के अनुसार मृत युवक इस क्षेत्र का रहने वाला नहीं है और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हैं. कुछ लोग इसे हत्या (घातपात) का मामला मान रहे हैं, तो वहीं कुछ लोगों का अनुमान है कि युवक की मौत बिजली के करंट लगने से भी हो सकती है. हालांकि, मौत का असली कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है. सूचना मिलते ही सालेकसा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर शव को कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सालेकसा के अस्पताल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस अज्ञात युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है.






