गोंदिया. सालेकसा तहसील के मानागढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत जमाकूड़ो जुड़पी जंगल क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब शासकीय आश्रम शाला जमाकूड़ो की इमारत के पीछे एक भालू मृत अवस्था में पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया.
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जंगल परिसर में भालू का शव पड़े होने की सूचना वन विभाग को दी थी. सूचना मिलते ही मानागढ़ बीट के राउंड ऑफिसर एस. यू. चौहान अपने दल के साथ घटनास्थल पहुंचे. वन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मृत भालू की बारीकी से जांच की तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की शिकार या विषप्रयोग की आशंका सामने नहीं आई. अधिकारियों के अनुसार भालू की मौत प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हुई. वन विभाग द्वारा नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया. इसके बाद पशु चिकित्सक अधिकारी मालकर द्वारा मृत भालू का पोस्टमार्टम किया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग की निगरानी में मृत भालू का अंतिम संस्कार कर दिया गया. घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में वन्य प्राणियों की लगातार आवाजाही बनी रहती है, इसलिए वन विभाग को नियमित निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है. वहीं वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र में किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें. इस दौरान मानागढ़ बीट के राउंड ऑफिसर एस. यू. चौहान, वनरक्षक राजेश्वर उईके, एस. आर. पेरे, वनरक्षक फिरते पथक के ओ. एस. बनोठे, वन हक्क समिति के अध्यक्ष देवेंद्र भोयर, शंकर चौरागड़े, चौकीदार अनिल वरकड़े, रवि सोनवाने, पशु दवाखाना के परिचर येटरे सहित अन्य कर्मचारी व ग्रामीण उपस्थित थे.
जमाकूड़ो जंगल में मृत मिला भालू, वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद किया अंतिम संस्कार
RELATED ARTICLES






