गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव थाने के तहत तावसी-इटखेड़ा मार्ग के जंगल में मानव खोपड़ी मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा खोपड़ी किस व्यक्ति की है, इसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, तावसी निवासी 30 वर्षीय फिरोज अल्ताफ पठान को गांव के हरिचंद अत्वारी बघवा ने सूचना दी कि तावसी-इटखेड़ा रोड के दाहिनी ओर स्थित जंगल में जब वे भाजी तोड़ने गया तो उसे एक मानव खोपड़ी दिखाई दी. सूचना मिलने पर फिरोज पठान, निलज गांव के पुलिस पाटिल पंकज कापगते तथा हरिचंद अतवारी मौके पर पहुंचे और जंगल में खोपड़ी मिलने की पुष्टि की. इसके बाद घटना की जानकारी अर्जुनी मोरगांव पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक काले के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक नलावड़े व पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा अधिकारी व फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई अन्य मानव अवशेष बरामद नहीं हुए. पुलिस के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद खोपड़ी किस व्यक्ति की है और उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई. खोपड़ी को पंचनामा कर कब्जे में लिया गया है तथा वैज्ञानिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अर्जुनी मोरगांव पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है. पुलिस अब फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर मृतक की पहचान तथा मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. जांच सहायक पुलिस निरीक्षक घनश्याम तांबे कर रहे हैं.
जंगल में मिली मानव की खोपड़ी, तावसी-इटखेड़ा मार्ग के जंगल की घटना
RELATED ARTICLES






