गोंदिया. गोरेगांव तहसील के बोरगांव स्थित झाड़ीदार जंगल क्षेत्र में लाख व्यवसायी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अज्ञात हमलावरों ने व्यवसायी के सिर और चेहरे पर डंडे जैसी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना शनिवार तड़के उजागर होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतक का नाम बाघोली निवासी बाबूलाल दुलीचंद पटले (60) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार बाबूलाल पटले 5 जून की सुबह करीब 7 बजे रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से लाख खरीदने के लिए घर से निकले थे. लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटे. इसी दौरान गांव के नवरलाल सोनवने ने परिजनों को बताया कि पटले की मोटरसाइकिल बोरगांव के खेत-शिवार क्षेत्र में खड़ी दिखाई दी. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. रात करीब 12.30 बजे बोरगांव के झाड़ीदार जंगल क्षेत्र में सड़क से लगभग 200 मीटर अंदर बाबूलाल पटले का शव मिला. शव की जांच करने पर उसके चेहरे, कान और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए. मृतक के पुत्र अमित बाबूलाल पटले (30) ने गोरेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा डंडे जैसी वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है. घटना की सूचना मिलते ही गोरेगांव थाना प्रभारी चंद्रकांत काले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. गोरेगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. जांच पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत काले के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत भुते कर रहे हैं.



