गोंदिया. वन संपदा को खुलेआम लूटने वाले सागौन तस्करों को वन विभाग ने तगड़ा झटका दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान में सागौन की लकड़ी से लदे एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोका गया और तीन आरोपियों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया.
जानकारी के अनुसार, सहवन क्षेत्र के डोंगरगांव डिपो और पांढरवानी बफर क्षेत्र में वन कर्मचारी शुक्रवार की रात से ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. इसी बीच 20 जून की सुबह करीब 4 बजे ग्राम डोंगरगांव में साले-धारनी-डोंगरगांव रोड पर एक बोलेरो पिकअप वाहन क्र. एमएच 35- एजे 1154 को संदिग्ध अवस्था में देखा गया. जैसे ही वन टीम ने वाहन को रोका तो तस्करों में हडकंप मच गया. जांच के दौरान वाहन में कीमती सागौन की लकड़ी पाई गई. वन अधिकारियों ने तुरंत वाहन जब्त कर लिया और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया. इस कार्रवाई से क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है. यह कार्रवाई क्षेत्र सहायक वी.बी. रहिले, सी.एस. डोरले के मार्गदर्शन में पवन कांबले, मेहबूब सैयद, विवेक काईट, सहेषराम हटवार, माधव मुसले, वनिता ब्राह्मणकर, शालु मेंढे, यशवंत शेंडे, श्रीकांत बंसोड, समीर बंसोड ने की.



