विकसित भारत ‘जी रामजी’ योजना के तहत टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर : जिलाधिकारी मंदार पत्की

0
13

गोंदिया. विकसित भारत ‘जी रामजी’ योजना का शुभारंभ गुरुवार को देश और राज्य स्तर के साथ-साथ गोंदिया जिले में भी उत्साहपूर्वक किया गया. इस अवसर पर जिलाधिकारी मंदार पत्की ने कहा कि योजना के अंतर्गत निर्मित होने वाली भौतिक परिसंपत्तियां टिकाऊ, गुणवत्तापूर्ण और आमजन के लिए उपयोगी होनी चाहिए. गोंदिया तहसील के सावरी ग्राम पंचायत में आयोजित जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक विनोद अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनिथ चंद्रा दोंतुला, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी तानाजी लोखंडे, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय लोंढे, निवासी उपजिलाधिकारी भैय्यासाहेब बेहेरे, उपविभागीय अधिकारी चंद्रकांत खंडाईत, तहसीलदार समशेर पठाण, गट विकास अधिकारी जितेंद्र देवरे सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.

जिलाधिकारी मंदार पत्की ने कहा कि महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना की कमियों को दूर करते हुए विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण ‘जी रामजी’ योजना को नए स्वरूप में लागू किया गया है. ग्राम पंचायतों को सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर विकास कार्य करने होंगे. योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार 60.40 के अनुपात में निधि उपलब्ध कराएंगी उन्होंने कुशल एवं अकुशल श्रमिकों के बीच संतुलन बनाए रखने तथा सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया.

निवासी उपजिलाधिकारी भैय्यासाहेब बेहेरे ने प्रस्तावना में बताया कि योजना के तहत चार प्रमुख क्षेत्रों जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका विकास तथा जलवायु अनुकूल गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अंतर्गत वृक्षारोपण, कुओं का निर्माण, गोशालाएं तथा ग्रामीण सड़क निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं. कार्यस्थल घर से पांच किलोमीटर की परिधि में होना अनिवार्य रहेगा. इससे अधिक दूरी होने पर अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का उपयोग किया जाएगा. विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. कार्यक्रम के दौरान जलवायु अनुकूल पहल के अंतर्गत 500 पौधों का रोपण कर अभियान की शुरुआत की गई. कार्यक्रम का संचालन कमलेश बिसेन ने किया.

जिले के समग्र विकास में सहायक होगी योजना : विधायक विनोद अग्रवाल

विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू की गई यह योजना रोजगार गारंटी योजना का उन्नत स्वरूप है. इसके माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी. उन्होंने बताया कि योजना के तहत कार्य दिवस बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं तथा मजदूरों को समय पर रोजगार और मजदूरी की गारंटी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अब एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्यों को भी रोजगार का लाभ मिलेगा. साथ ही सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी.

समन्वय से होगी प्रभावी क्रियान्वयन : लायकराम भेंडारकर

जिला परिषद अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर ने कहा कि यदि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करें तो गोंदिया जिला विकास के क्षेत्र में राज्य और देश के लिए आदर्श बन सकता है.

रोजगार सृजन को मिलेगा बढ़ावा : जेनिथचंद्रा दोंतुला

मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनिथचंद्रा दोंतुला ने कहा कि इस योजना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. साथ ही भूजल स्तर सुधारने और जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here