तिरोड़ा. तहसील के डब्बेटोला गांव निवासी स्व. मुनिलाल वारलु कटरे की हत्या के मामले में आठ आरोपियों में से चार के अब भी गिरफ्त से बाहर होने का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग की है. घटना के करीब डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मृतक की बहन श्यामकला वारलु कटरे ने गोंदिया के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है.शिकायत के अनुसार, 14 मई 2026 को मुनिलाल वारलु कटरे की हत्या हुई थी. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस मामले में कुल आठ लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने अब तक केवल चार आरोपियों को ही गिरफ्तार किया है, जबकि शेष चार आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि फरार आरोपी मृतक के परिजनों को लगातार धमका रहे हैं, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है. इसके अलावा, आरोपियों पर पीड़ित परिवार को परेशान करने, पेयजल आपूर्ति बाधित करने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर शेष चार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है. अब इस मामले में पुलिस प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है.


