गोंदिया. गंगाझरी पुलिस ने बोरवेल बिजली तार चोरी करने वाले दो विधि संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से कुल 1,07,700 रुपये का चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन जब्त किया है.
जानकारी के अनुसार, डोंगरगांव निवासी सुरेंद्र पूरणलाल टेंभरे ने 2 जुलाई 2026 को गंगाझरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 से 2 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनके खेत स्थित बोरवेल से करीब 250 फीट बिजली की तार, जिसकी कीमत लगभग 7,500 रुपये है, चोरी कर ले गए. शिकायत के आधार पर गंगाझरी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान 3 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की वारदात संजयनगर, गोंदिया के दो विधि संघर्षरत बालकों ने की है. सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 250 फीट बोरवेल वायर (कीमत 7,500 रुपये), दो केबल कटर (कीमत 200 रुपये) तथा वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा (कीमत 1,00,000 रुपये) जब्त की. इस प्रकार कुल 1,07,700 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी गजानन गुल्हाने के मार्गदर्शन में गंगाझरी थाना प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक धीरज राजूरकर, पुलिस उपनिरीक्षक धाराव तथा पुलिस टीम ने की.



