गोंदिया: जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण वैनगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी के चलते धापेवाड़ा बांध में जलभराव बढ़ने पर सुरक्षा की दृष्टि से रविवार को बांध के 13 गेट 2 मीटर तक खोल दिए गए। बांध प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में बांध से लगभग 3,157 क्यूमेक्स पानी वैनगंगा नदी में छोड़ा जा रहा है। यदि बांध में पानी की आवक इसी तरह जारी रही, तो स्थिति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं तथा पानी की निकासी बढ़ाई जाएगी। बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण वैनगंगा नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों के नागरिकों एवं किसानों से सतर्क रहने, नदी में प्रवेश न करने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बांध में पानी की आवक और निकासी के अनुसार आगे के आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे, ऐसा बांध प्रशासन ने स्पष्ट किया है।



