गोंदिया. सालेकसा तहसील में लगातार हो रही बारिश के कारण कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है. ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सातगांव के अंतर्गत आने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भजेपार की स्वास्थ्य टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए एक गर्भवती महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है.
जानकारी के अनुसार, सालेकसा तहसील के भजेपार और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न होने से संपर्क टूट गया था. इसी दौरान गांव की एक गर्भवती महिला की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना आवश्यक था. जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. अभिजीत गोल्हार के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने बिना किसी देरी के राहत व बचाव कार्य शुरू किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सातगांव के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भजेपार की चिकित्सा टीम तुरंत मौके पर पहुंची. सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) डा. दिनेश कटरे, स्वास्थ्य सेविका विद्या बहेकार तथा आशा सेविका विनूताई खांडवाये ने बाढ़ के बीच जोखिम उठाकर प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश किया. टीम ने पूरी सावधानी के साथ गर्भवती महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और आगे के उपचार के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
क्षेत्र में हो रही सराहना
विपरीत मौसम और बाढ़ के खतरे के बावजूद भजेपार स्वास्थ्य टीम द्वारा दिखाई गई तत्परता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है. समय पर मिली सहायता से गर्भवती महिला के परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया, वहीं पूरे सालेकसा क्षेत्र में इस टीम के कार्य की प्रशंसा की जा रही है.
0
बाढ़ के कारण संपर्क पूरी तरह बाधित था, लेकिन जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. अभिजीत गोल्हार के मार्गदर्शन में हमारे लिए मां और शिशु का जीवन बचाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी. समय पर महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित स्थान पर लाने का संतोष है.
डा. दिनेश कटश्रे, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी



