गोरेलाल चौक स्थित ‘वैभव कलेक्शन’ बैग दुकान में भीषण आग, लाखों की सामग्री जलकर खाक

0
216

गोंदिया. शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र गोरेलाल चौक स्थित तीन मंजिला इमारत में संचालित जीतू डोडानी की दुकान ‘वैभव कलेक्शन’ नामक रेडीमेड व बैग दुकान में सोमवार, 6 जुलाई को सुबह करीब 11.30 बजे भीषण आग लग गई. इस हादसे में दुकान में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा, रेडीमेड वस्त्र और अन्य सामान जलकर खाक हो गया. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दुकान मालिक को लाखों रु. का आर्थिक नुकसान हुआ है.

जानकारी के अनुसार, गोरेलाल चौक स्थित ‘वैभव कलेक्शन’ दुकान से अचानक धुआं निकलने लगा, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते पूरी गली धुएं से भर गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. दुकान में बड़ी मात्रा में  बैग का स्टॉक होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के व्यापारी और नागरिक बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए गए. काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया. इस आगजनी में दुकान में बैग तथा अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. प्रारंभिक तौर पर लाखों रु. के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आग लगने के वास्तविक कारण और कुल नुकसान का सही आकलन सामने आएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here