गोंदिया. शहर के दुर्गा चौक स्थित सराफा बाजार में एक शातिर युवक ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकान में घुसा और 6 लाख 49 हजार रु. कीमत का सोने का पेंडल लेकर फरार हो गया. घटना के बाद शहर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, दुर्गा चौक निवासी फिर्यादी विवेक ओमप्रकाश अग्रवाल (51) की दुर्गा चौक में सोने-चांदी की दुकान है. गुरुवार की रात करीब 8 बजे एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और अलग-अलग डिजाइन के 8 से 10 ग्राम वजन वाले सोने के पेंडल देखने की इच्छा जताई. दुकानदार द्वारा पेंडल दिखाए जाने के दौरान आरोपी एक-एक कर आभूषण देखने लगा. इसी बीच मौका पाकर उसने 6.49 लाख रु. मूल्य का सोने का पेंडल चुरा लिया और दुकान से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शहर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है. जांच सहायक पुलिस निरीक्षक संजय तुपे कर रहे हैं.



