खेत के कुएं में तैरता मिला बाघ का शव, मुरदोली परिसर की घटना 

0
243

गोंदिया. जिले के गोरेगांव तहसील अंतर्गत मुरदोली (सड़क अर्जुनी वन परिक्षेत्र) गांव में एक खेत के कुएं में बाघ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. यह घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे सामने आई, जब एक किसान अपनी फसल का निरीक्षण करने खेत पहुंचा.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरदोली निवासी किसान रोशनलाल कटरे अपने खेत में फसल देखने गया था. इसी दौरान उसे कुएं से तेज दुर्गंध आने लगी. जब उसने कुएं में झांककर देखा तो पानी में एक पूर्ण विकसित बाघ का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. यह दृश्य देखकर किसान के होश उड़ गए. किसान रोशनलाल कटरे ने तत्काल सड़क अर्जुनी वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही नवेगांव-नागझिरा टाइगर रिजर्व के उपसंचालक, वन परिक्षेत्र अधिकारी तथा वन विभाग का दल मौके पर पहुंच गया.

मौत का कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी

वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का पंचनामा किया और कुएं से बाघ के शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बाघ पानी का अंदाजा न लगने के कारण दुर्घटनावश कुएं में गिर गया या फिर इसके पीछे शिकार अथवा कोई अन्य संदिग्ध कारण है. वन विभाग के अनुसार, बाघ के शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. इस घटना के बाद मूरदोली तथा आसपास के गांवों के किसानों में दहशत का माहौल है.

घटना की सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंच गई. बाघ के शव को कुएं से बाहर निकालकर नियमानुसार सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

प्रितमसिंह कोडावे, उपसंचालक, नवेगांव-नागझिरा टाइगर रिजर्व

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here