फार्म हाउस में दिखा तेंदुए का शावक, परिसर में दहशत, मादा तेंदुए की तलाश में जुटा वन विभाग

0
55

गोंदिया. तिरोड़ा तहसील के सहेसपुर के शंकरटोली क्षेत्र स्थित एक निजी फार्म हाउस में मंगलवार सुबह तेंदुए का एक शावक दिखाई देने से परिसर में हड़कंप मच गया. आशंका जताई जा रही है कि मादा तेंदुआ शिकार की तलाश में जाते समय अपने शावक को सुरक्षित स्थान पर छोड़ गई होगी. वन विभाग ने शावक को उसी स्थान पर सुरक्षित निगरानी में रखते हुए आसपास कैमरे लगा दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, शंकरटोली क्षेत्र में एक किसान के खेत में प्लास्टिक मल्चिंग वाले मेड़ पर एक वयस्क मादा तेंदुए को घूमते हुए कुछ किसानों ने देखा. कुछ देर बाद उसी खेत के फार्म हाउस में रखे पाइप और कृषि सामग्री के बीच करीब 2 से 3 माह का एक तेंदुए का शावक छिपा हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय किसानों ने वन विभाग को जानकारी दी. सूचना पर वन परिक्षेत्राधिकारी अपनी रेस्क्यू टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, मादा तेंदुआ अक्सर शिकार के लिए जाते समय अपने शावकों को सुरक्षित स्थान पर छिपाकर छोड़ देती है और बाद में वापस आकर उन्हें अपने साथ ले जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने शावक को बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के उसी स्थान पर सुरक्षित रखा है, ताकि मादा तेंदुआ लौटकर उसे अपने साथ ले जा सके. साथ ही, मादा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं. घटना के बाद सहेसपुर, एकोडी, सेजगांव, शंकरटोली और कारूटोला सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल या खेतों की ओर न जाएं, तेंदुआ दिखाई देने वाले क्षेत्र से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल विभाग को दें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here