प्रतिबंधित हुक्का सुगंधित तंबाकू की तस्करी, बोलेरो पिकअप सहित 8.50 लाख रु. का माल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

0
11

गोंदिया. सालेकसा पुलिस ने अवैध रूप से प्रतिबंधित हुक्का सुगंधित तंबाकू का परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर थाना सालेकसा क्षेत्र के मौजा रोंढा नाला के पास नाकाबंदी कर सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो पिकअप (क्रमांक एमएच-35/एजे-1042) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित हुक्का सुगंधित तंबाकू बरामद हुआ। जांच के दौरान वाहन से 10 बड़ी सफेद बोरियों में कुल 2,000 पैकेट आर.के. सुपर प्रीमियम क्वालिटी हुक्का सुगंधित तंबाकू बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा 5 बड़ी पीले रंग की बोरियों से 1,000 पैकेट एम.डी.-7 सुपर प्रीमियम क्वालिटी हुक्का सुगंधित तंबाकू बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1 लाख रुपये आंकी गई। जब्त किए गए तंबाकू उत्पादों के साथ परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये) भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इस प्रकार कुल 8.50 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया। पुलिस ने वाहन चालक महेश सुशील नेवारे (41), निवासी बहेला, तहसील लांजी, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) तथा उसके साथी जगदीश लहुलाल भोयर (38), निवासी अंधियाटोला, तहसील लांजी, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध सालेकसा पुलिस थाने में मामला किया गया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक किशोर मावस्कर कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here