नगराध्यक्ष सहित दो एसीबी की जांल में फंसे, 1.20 लाख रु. रिश्वत की मांग, तिरोडा नप का मामला

0
1201

गोंदिया. एसीबी गोंदिया ने तिरोड़ा नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक रामजीबाबू असाटी तथा एक निजी व्यक्ति कैलाश किशन वाघमारे के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ तिरोड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है.

जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय शिकायतकर्ता का डेकोरेशन व केटरिंग का व्यवसाय है. उन्होंने वर्ष 2025 में तिरोड़ा नगर परिषद के सार्वत्रिक चुनाव के दौरान डेकोरेशन और केटरिंग की सेवाएं प्रदान की थीं. चुनाव संपन्न होने के बाद उन्होंने 25 लाख 22 हजार रु. का बिल नगर परिषद में प्रस्तुत किया था. शिकायत के अनुसार, 20 मई 2026 को बिल के भुगतान के संबंध में नगराध्यक्ष अशोक असाटी से मुलाकात करने पर उन्होंने कथित रूप से कहा कि 16 लाख रु. तक का भुगतान मंजूर हो सकता है, लेकिन इसके लिए संबंधित अधिकारियों को भी पैसे देने होंगे. अगले दिन हुई मुलाकात में नगराध्यक्ष ने कथित रूप से शिकायतकर्ता के हाथ पर 3 लाख 20 हजार रु. लिखकर इतनी राशि देने की बात कही. शिकायतकर्ता रिश्वत देने के इच्छुक नहीं थे, इसलिए उन्होंने 8 जून 2026 को एसीबी गोंदिया कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर एसीबी ने पंचों की उपस्थिति में मांग की पुष्टि की. जांच के दौरान आरोप है कि नगराध्यक्ष ने पहले 6 लाख रु. का चेक जारी करने के बदले 1 लाख 20 हजार रु. रिश्वत की मांग की और यह राशि अपने पीए शुभम भोयर को देने के लिए कहा. साथ ही शेष 10 लाख रु. का भुगतान होने पर आगे भी राशि देने की बात कही गई. इसके बाद 9 जून 2026 को एसीबी ने जाल बिछाया. शिकायतकर्ता रिश्वत की राशि लेकर आरोपी के कार्यालय पहुंचे, लेकिन आरोपी पक्ष को संदेह होने के कारण कथित रूप से रिश्वत की रकम स्वीकार नहीं की गई. लेकिन, मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने कानूनी कार्रवाई करते हुए 18 जुलाई को मामला दर्ज कर लिया. एसीबी ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर नोटिस दिया गया है. आरोपियों के घरों की तलाशी की प्रक्रिया जारी है. इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपधीक्षक निलेश लोधी ने किया, जबकि मामले की जांच पुलिस निरीक्षक उमाकांत उगले कर रहे हैं. कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एसीबी गोंदिया की टीम द्वारा की गई.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here