मॉर्निंग वॉक से लौट रहे बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, सोने की चेन और अंगूठी लूटी, सुर्याटोला के बांध तालाब की घटना

0
3

गोंदिया. शहर के रामनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रहे एक 68 वर्षीय बुजुर्ग पर अज्ञात बदमाश ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसकी सोने की चेन और अंगूठी लूट ली. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का निजी अस्पताल में उपचार किया गया. पुलिस ने लूट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
रामनगर पुलिस के अनुसार, एमएसईबी कॉलोनी, सुर्याटोला निवासी प्रदीप अपाले (68) प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 7 बजे सूर्याटोला स्थित बांध तालाब क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक करने के बाद घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बदमाश ने अचानक उन पर हमला कर दिया. आरोपी ने धारदार हथियार से उसके सिर पर लगातार दो वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घायल अवस्था का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके गले से सोने की चेन और हाथ की सोने की अंगूठी लूट ली तथा मौके से फरार हो गया. बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया. सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here