गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील के वडेगांव बंद्या गांव में बाघ के हमले में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को महाराष्ट्र शासन द्वारा स्वीकृत 10 लाख रु. की आर्थिक सहायता का चेक शनिवार को विधायक राजकुमार बडोले के हाथों सौंपा गया. इस अवसर पर विधायक ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि शासन हर कठिन परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है.
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को वडेगांव बंध्या निवासी शोभा हरिदास रहाटे जंगल क्षेत्र में जलाऊ लकड़ी (सरपण) एकत्र करने गई थीं. इसी दौरान उन पर बाघ ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी. इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बन गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य शासन ने मृतका के परिवार के लिए 10 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की थी. इसी क्रम में 25 जुलाई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में विधायक राजकुमार बडोले ने मृतका के पति हरिदास रहाटे को 10 लाख का सहायता राशि का चेक सौंपा. इस अवसर पर विधायक बडोले ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के हमलों से प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है. साथ ही उन्होंने वन विभाग से जंगल से सटे गांवों में जनजागरूकता अभियान चलाने तथा बाघ सहित अन्य वन्यजीवों के हमलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय और सतर्कता बढ़ाने का आग्रह किया. कार्यक्रम में गोठणगांव के वन परिक्षेत्र अधिकारी मिलिंद पवार, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा वडेगांव बंद्या और आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.



