पुल से नहर में गिरी तेज रफ्तार कार, वृद्धा की मौत, देवरी-आमगांव मार्ग की घटना

0
10

गोंदिया. देवरी-आमगांव मार्ग पर हरदोली खेत परिसर के समीप सोमवार तड़के करीब 1 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के अनुसार, कार क्र. एमएच 35 -एजे 3777 नागपुर से साखरीटोला की ओर जा रही थी. हरदोली के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार पुल की रेलिंग तोड़कर नहर में गिर गई. प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है. दुर्घटना में लीलाबाई गौतम (65) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं साखरीटोला निवासी विजय गौतम (48), सरिता गौतम (40) तथा आमगांव निवासी यश लक्षणे (25) गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. एम्बुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नहर से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें आमगांव के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि विशेषकर देर रात या तड़के लंबी यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम के बिना वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है. सालेकसा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here