गोंदिया. स्थानीय अपराध शाखा और आमगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सेंधमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों ने आमगांव, सालेकसा और रावणवाड़ी थाना क्षेत्र में कुल नौ घरफोड़ियों को अंजाम देने की बात कबूल की है. पुलिस ने उनके कब्जे से 3 लाख 83 हजार 835 रु. मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है.

जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को आमगांव निवासी दिनेशकुमार देवीकुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कामठा-धामनगांव मार्ग स्थित उनके खेत में बने टीन शेड का ताला तोड़कर चोर मोटरसाइकिल, लोहे के बोरिंग बिट, केसिंग पाइप, ट्रक बैटरी समेत 2.04 लाख रु. का सामान चुरा ले गए. इसके अलावा 20-21 जुलाई की रात गांधी चौक स्थित दो कपड़ा दुकानों से 51 हजार रु. नकद चोरी कर लिए गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया. तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने कालीमाटी निवासी आरोपी धीरज भूषण फुंडे (36) व हेमंत भैय्याभाऊ फुंडे (56) को मध्यप्रदेश के सागर जिले के बड़तुमा गांव में छिपे हुए हैं. मंगलवार को पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने आमगांव थाना क्षेत्र के छह, सालेकसा के दो और रावणवाड़ी के एक ऐसे कुल नौ चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की. आरोपियों के पास से एक मोटर पंप, 20 लोहे के बोरिंग बिट, 26 कंबल, प्लास्टिक तिरपाल, एचपी कंपनी का कंप्यूटर सेट, लैपटॉप, 15 हजार रु. नकद, अंग्रेजी शराब, बैटरी तथा मोटरसाइकिल समेत कुल 3 लाख 83 हजार 835 रु. का माल जब्त किया. दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए आमगांव पुलिस को सौंप दिया गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे व अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा, आमगांव पुलिस और साइबर सेल की टीम ने की.



