जिला नियोजन समिति की बैठक में सांसद राजेंद्र जैन ने उठाए विकास कार्यों के मुद्दे, मेडिकल कॉलेज, सड़क मरम्मत, फ्लाईओवर सहित विभिन्न प्रस्तावों पर प्रशासन का ध्यान किया आकर्षित

0
58

 गोंदिया. जिला नियोजन समिति की बैठक में सांसद राजेंद्र जैन ने जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया. जिलाधिकारी कार्यालय में जिले के पालकमंत्री इंद्रनील नाईक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसद जैन ने लंबित विकास कार्यों को गति देने की मांग की. बैठक में सांसद जैन ने गोंदिया (कुडवा) में सांसद प्रफुल पटेल के प्रयासों से मंजूर हुए शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कर जल्द से जल्द नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने गोंदिया शहर में भूमिगत गटर (अंडरग्राउंड ड्रेनेज) योजना के कारण खराब हुई सड़कों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल सड़कों की मरम्मत कर नागरिकों को राहत देने की मांग की. इसके अलावा शहर के लंबे समय से प्रलंबित ऑडिटोरियम के लिए मंजूर अतिरिक्त निधि को शीघ्र जारी कर काम में तेजी लाने की आवश्यकता जताई। सांसद ने भीमनगर–कुंभारेनगर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित अंडरपास की जगह नागरिकों की सुरक्षा और भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए फ्लाईओवर निर्माण की मांग रखी.
बैठक में उन्होंने परमपूज्य डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पवित्र अस्थी भीमघाट, गोंदिया, श्रीकृष्ण गौरक्षण गौशाला परिसर पांजरापोल, गडमाता डुडुमाई देवस्थान, झालुटोला और कोरणी घाट सहित अन्य धार्मिक एवं तीर्थस्थलों के विकास के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की मांग भी की. सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here