गोंदिया. तिरोड़ा तहसील के बीबीटोला क्षेत्र में सोमवार, 3 अगस्त को तेंदुए ने एक किसान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद पूरे परिसर में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि तेंदुए की लगातार मौजूदगी की सूचना देने के बावजूद समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए. घायल व्यक्ति का नाम बीबीटोला निवासी पृथ्वीराज अंबुले बताया गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से तेंदुआ अपने शावकों के साथ बीबीटोला क्षेत्र में विचरण कर रहा था. इसकी जानकारी ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग को दी थी. संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह तो दी गई, लेकिन तेंदुए को पकड़ने, पिंजरा लगाने या गश्त बढ़ाने जैसी ठोस कार्रवाई समय पर नहीं की गई. ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन विभाग ने समय रहते आवश्यक कदम उठाए होते तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी. पृथ्वीराज अंबुले पर हुए हमले के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. ग्रामीणों ने मांग की है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष रेस्क्यू दल तैनात किया जाए, प्रभावित गांवों में लगातार गश्त बढ़ाई जाए तथा लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं. वहीं, वन विभाग ने नागरिकों से अकेले खेतों या जंगल से सटे क्षेत्रों में जाने से बचने, बच्चों पर विशेष नजर रखने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है.



