शिक्षक का स्कूल के मुख्य द्वार पर शराब के नशे में हंगामा, नवोदय विद्यालय नवेगांवबांध की घटना

0
8

प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील के नवेगांवबांध स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा शराब के नशे में स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर हंगामा करने का मामला सामने आया है. घटना रविवार सुबह करीब 11.45 बजे की है. प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को हिरासत में लिया. चिकित्सकीय जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के अनुसार विद्यालय के चौकीदार अतुल वाघमारे ने प्राचार्य उषा धारगावे को सूचना दी कि भूगोल शिक्षक जागेश्वर दशरथ चौरे (55) मुख्य प्रवेश द्वार के सामने शराब के नशे में जमीन पर बैठे हुए हैं. सूचना मिलते ही प्राचार्य उषा धारगावे, उपप्राचार्य डी.के. जुमडे, शिक्षक सर्वेंद्र मेश्राम तथा स्टाफ नर्स अर्चना खोब्रागड़े मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिक्षक चौरे को अंदर आने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने खुद को “पेंशन के लिए जंतर-मंतर पर धरना देने” की बात कहते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. इसके बाद प्राचार्य ने नवेगांवबांध पुलिस को सूचना दी. थाना प्रभारी अंजित पाटील के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिक्षक को हिरासत में लेकर शासकीय अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया. पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में शिक्षक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है. इसके आधार पर नवेगांवबांध पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में अभद्र व्यवहार कर शांति व कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here