चालीसा महोत्सव के अवसर पर जुटे जनप्रतिनिधि व चिकित्सक, मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण
गोंदिया. भगवान श्री झूलेलाल चालीसा महोत्सव के पावन अवसर पर माताटोली स्थित भगवान श्री झूलेलाल धाम में भव्य नि:शुल्क रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर मरीजों को परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं। इस वर्ष शिविर में 562 लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रहा।

शिविर का शुभारंभ श्री आनंदपुर कुटिया की पूज्य बाई जी के सान्निध्य में हुआ। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र जैन, विधायक विनोद अग्रवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सचिन शेंडे, पार्षद रिंकू आसवानी, दरयानोमल आसवानी, रोहित अग्रवाल, पार्षद लोकेश (कल्लू) यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद राजेंद्र जैन ने भगवान श्री झूलेलाल धाम की सराहना करते हुए आर्थिक सहयोग का आश्वासन दिया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सचिन शेंडे ने नगर परिषद की ओर से सहयोग देने की घोषणा की, जबकि विधायक विनोद अग्रवाल ने समाजसेवा के इस कार्य में चिकित्सकों के योगदान की प्रशंसा की। पूज्य बाई जी ने भी अपने आशीर्वचन देकर सभी को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया। शिविर में डॉ. राजेंद्र जैन, डॉ. विकास जैन, डॉ. निलेश जैन, डॉ. विवेक जैन, डॉ. लता जैन, डॉ. शेफाली जैन, डॉ. जुली जैन, डॉ. आयुषी जैन, डॉ. अवी जैन, डॉ. राजेश खापरे, डॉ. चंद्रशेखर राणा, डॉ. पीयूष जायसवाल, डॉ. हेमल शाह, डॉ. रितिका सोनछत्रा, डॉ. कांचन भोयर, डॉ. रोशन कानतोडे, डॉ. आकृति निनावे, डॉ. प्राची अग्रवाल, डॉ. शीतल घालवत, डॉ. मीनल दांडेकर, डॉ. सेजल साखरे, डॉ. संस्कृति कारमोरे तथा डॉ. खुशी तेजवानी सहित अनेक चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में सीबीसी, शुगर, सिकलिंग टेस्ट एवं एचपीएलसी जैसी जांचें भी नि:शुल्क की गईं। दवाइयों का वितरण डॉ. लता जैन, अनिल दीपक गंबानी एवं चिंटू शिवदासानी के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना संस्था सचिव योगेश मुलचंदानी ने रखी, आभार संस्था अध्यक्ष मनीष वाधवानी ने माना तथा संचालन डॉ. हरिशकुमार खत्री ने किया। आयोजन को सफल बनाने में भगवान श्री झूलेलाल धाम, पूज्य बाबा गुरमुखदास सेवा समिति एवं महिला सेवा समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पिछले वर्ष से बढ़ी मरीजों की संख्या
वर्ष 2025 में लाभार्थी : 412
वर्ष 2026 में लाभार्थी : 562
नि:शुल्क सेवाएं : स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयों का वितरण एवं सीबीसी, शुगर, सिकलिंग टेस्ट, एचपीएलसी जैसी जांचें।



