शातिर चोर एलसीबी के शिकंजे में, चार जिलों के 6 अपराधों का खुलासा

0
54

गोंदिया. स्थानीय अपराध शाखा ने अर्जुनी मोरगांव थाना क्षेत्र की चर्चित सेंधमारी का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को नागपुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने गोंदिया, भंडारा, गड़चिरोली और चंद्रपुर जिलों में सेंधमारी से जुड़े कुल छह अपराध कबुल किया है. पुलिस ने उसके पास से 1 लाख 18 हजार रु. का माल जब्त किया है. आरोपी का नाम भंडारा जिले के मोहाड़ी निवासी प्रवीण डेकाटे (30) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, अर्जुनी मोरगांव थाना क्षेत्र के बोंडगांवदेवी निवासी केशव प्रकाश शेंडे (42) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी सहित 3 लाख 36 हजार रु. का माल चुरा लिया. शिकायत के आधार पर अर्जुनी मोरगांव थाने में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रविण डेकाटे को नागपुर से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने अर्जुनी मोरगांव के बोंडगांवदेवी, भंडारा जिले के सानगड़ी और सेलोटी, गड़चिरोली जिले के देसाईगंज (वडसा) तथा चंद्रपुर जिले के रामनगर क्षेत्र सहित कुल 6 सेंधमारी के अपराध कबुल किया. आरोपी के पास से 28 हजार रु. नकद, 25 हजार रु. कीमत का मोबाइल व 65 हजार रु. कीमत मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 18 हजार रु. का माल जब्त किया है. आरोपी को आगे की जांच के लिए अर्जुनी मोरगांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे व अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमरदीप खाडे तथा एलसीबी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here