गोंदिया. बालाघाट जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ग्रामीण (नवेगांव) पुलिस ने ग्राम खुरसोड़ी में बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने गोदाम के टीन शेड के नीचे ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 14 आरोपियों को पकड़ा. इनमें महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के 13 जुआरी शामिल हैं.

जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम खुरसोड़ी में ओमप्रकाश नगपुरे के गोदाम के टीन शेड के नीचे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर 14 आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 1 लाख 50 हजार 200 रु. नकद तथा ताश पत्ति, 2 लाख 50 हजार रु. कीमत के 14 एंड्राइड मोबाइल फोन, 21 लाख रु. कीमत की चौपहिया वाहन क्र. एमएच 35 – एडब्ल्यू 6080, 5 लाख रु. कीमत का वाहन क्र. एमएच 35 – एजी 6697 तथा 8 लाख रु. कीमत का वाहन क्र. एमएच 35- एडब्ल्यू 9183 ऐसा कुल 38 लाख रु. कीमत का माल जब्त किया. गोंदिया जिले के चारगांव निवासी आरोपी ओमप्रकाश नगपुरे (40), अर्जुनी निवासी शिवकुमार खैरवार (47), नागरा निवासी नरेश नागरिकर (54), कन्हारटोला आदित्य तुरकर (21), नागरा निवासी भरत लिल्हारे (46), पांढराबोड़ी कमलेश नगपुरे (36), मुरपार निवासी मंगल मस्करे (44), चारगांव निवासी सुधीर रोडगे (33), रंजीत बरेले (48), विशाल मेंढे (33), पंकज नगपुरे (30), खेमेंद्र बिरनवार (39), सावरीटोला निवासी जगदीश प्रसाद तिवडे (40) व बालाघाट जिले के खुरसोड़ी निवासी ओमप्रकाश दशहरे (45) के खिलाफ नवेगांव (ग्रामीण) थाने में मामला दर्ज किया गया. कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ग्रामीण (नवेगांव) उपनिरीक्षक रमेश कुमार जाट के नेतृत्व में की गई.



