सेंधमारी के तीन आरोपी गिरफ्तार, 5 अपराधों का खुलासा, 2.51 लाख रु. का माल जब्त

0
56

गोंदिया. शहर में लगातार हो रही सेंधमारी के मामलों की जांच में स्थानीय अपराध शाखा को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर रामनगर थाना क्षेत्र की चार सेंधमारी, ग्रामीण थाना क्षेत्र की एक सेंधमारी तथा छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ से मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा किया है. आरोपियों के पास से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, टैबलेट, मोटरसाइकिल व मोबाइल सहित कुल 2 लाख 51 हजार 500 रु. का माल जब्त किया गया है.
रामनगर थाना क्षेत्र के नर्मदा मंदिर परिसर निवासी फिर्यादी विलास कवडू बोरकर अपने परिवार के साथ बाहर गए थे. इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर के लोहे के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. बेडरूम में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण व टैबलेट सहित करीब 1 लाख 61 हजार रु. का माल चुरा लिया. इस मामले में रामनगर थाने में मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने स्थानीय अपराध शाखा को आरोपियों की तलाश व मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए. एलसीबी के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी जानकारी व मुखबिरों के आधार पर जांच शुरू की. इसी बीच मिली गुप्त सूचना के आधार पर झोपड़ी मोहल्ला, यादव चौक निवासी आरोपी निखिल मेश्राम, कुंभारेनगर निवासी स्वप्नील उके व एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को रामनगर-बालाघाट टी-पॉइंट से हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने सूर्याटोला स्थित नर्मदा मंदिर के पास एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात कबूल की. पुलिस के अनुसार, उन्होंने जून व जुलाई 2026 में गड्डाटोली, अंगूर बगीचा, सूर्याटोला व फुलचूर क्षेत्र में भी घरफोड़ियां करने की जानकारी दी. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई. आरोपियों के पास से कुल 2 लाख 51 हजार 500 रु. का माल जब्त किया गया. यह कार्रवाई अधीक्षक गोरख भामरे व अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश व स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में की गई.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here