गोंदिया. जिले में होटल, ढाबों व टपरियों पर अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को होटल, ढाबों व टपरियों पर होने वाली अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने तथा ऐसे अवैध कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश दिए थे.
इसी के तहत 1 से 10 अगस्त तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबों व टपरियों पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 20 मामले दर्ज किए तथा 22 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. होटल, ढाबों व टपरियों पर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब बिक्री के साथ ही अन्य अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखने तथा ऐसे कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश दिए हैं.



