गोंदिया. बिना टिकट व अनियमित यात्रा पर रोक लगाने तथा यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गोंदिया रेलवे स्टेशन पर 17 अगस्त को विशेष नाका टिकट जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान स्टेशन से गुजरने वाली 24 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई. कुल 255 मामलों में 1 लाख 34 हजार 395 रु. का जुर्माना वसूला गया.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के मार्गदर्शन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार साव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में वाणिज्य विभाग की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई. टीम में 2 वाणिज्य निरीक्षक, 9 मुख्य टिकट निरीक्षक, 23 सहायक टिकट निरीक्षक तथा 2 एमटीएस कर्मचारी शामिल थे. अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 133 मामलों में 97,945 रु., अनियमित टिकट के 39 मामलों में 25,375 रु. तथा बिना बुक किए गए सामान के 82 मामलों में 9,075 रु. का जुर्माना वसूला गया.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने कहा कि टिकट जांच अभियान का उद्देश्य यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने से रोकना तथा रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना है. प्रत्येक यात्री की जिम्मेदारी है कि वह वैध टिकट लेकर ही यात्रा करे. ऐसे जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान हमेशा उचित व वैध टिकट लेकर ही सफर करें. स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पहले आवश्यकतानुसार प्लेटफार्म टिकट भी खरीदें. एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज का उपयोग करें. यात्रियों से रेलवे परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित व सुव्यवस्थित रखने तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई है.



