तिरोड़ा पुलिस की कार्रवाई : तिरोड़ा-खैरलांजी मार्ग की घटना
गोंदिया. मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र में सुगंधित तंबाकू की तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है. तिरोड़ा पुलिस ने गश्त के दौरान तिरोड़ा-खैरलांजी मार्ग पर कार्रवाई करते हुए सुगंधित तंबाकू से भरी कार को पकड़ा. कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34 हजार 900 रु. कीमत की सुगंधित तंबाकू तथा करीब 5 लाख रु. कीमत की कार ऐसा कुल 5 लाख 34 हजार 900 रु. का माल जब्त किया है. यह कार्रवाई 21 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे तिरोड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में गश्वत के दौरान की गई. पुलिस ने तिरोड़ा निवासी आरोपी नारायणराव मेहेर के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, तिरोड़ा पुलिस शुक्रवार की दोपहर तिरोड़ा पुलिस गश्त पर थी. इसी दौरान तिरोड़ा-खैरलांजी मार्ग पर पुलिस दल को संदिग्ध रूप से आ रही चौपहिया वाहन क्र. एमएच 46 – झेड 1371 दिखाई दी. वाहन की जांच करने पर उसमें सुगंधित तंबाकू पाया गया. पुलिस ने तत्काल वाहन व उसमें रखा सुगंधित तंबाकू अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया. जब्त किए गए तंबाकू की कीमत 34 हजार 900 रु. बताई गई है, जबकि वाहन की अनुमानित कीमत 5 लाख रु. है. इस मामले में गोंदिया के खाद्य व औषधि प्रशासन (FDA) अधिकारी की शिकायत के आधार पर तिरोड़ा पुलिस थाने में आरोपी नारायणराव मेहेर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है. सुगंधित तंबाकू की खेप कहां से लाई गई थी और इसे तिरोड़ा अथवा आसपास के क्षेत्र में कहां पहुंचाया जाना था, इस दिशा में भी जांच की जा रही है. तिरोड़ा-खैरलांजी मार्ग से मध्य प्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाए जाने की संभावना है. कार्रवाई के बाद प्रतिबंधित व स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माने जाने वाले सुगंधित तंबाकू की अवैध आवाजाही करने वालों में भी हड़कंप मचा है.



