धादरी-उमरी में जंगली सूअरों का आतंक, दो किसान गंभीर घायल

0
15

खेत में गए किसानों पर अचानक हमला; ग्रामीणों में दहशत
गोंदिया. तिरोड़ा तहसील के धादरी-उमरी क्षेत्र में जंगली सूअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. रविवार, 23 अगस्त को खेत में गए दो किसानों पर जंगली सूअरों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. लगातार हो रहे हमलों से किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे धादरी निवासी महिपाल शेंडे (61) तथा तिरोड़ा निवासी वामन भालाधरे (57) खेत में गए थे. इसी दौरान जंगली सूअरों ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

धादरी-उमरी क्षेत्र में इससे पहले भी जंगली सूअरों द्वारा कई किसानों और नागरिकों पर हमले किए जा चुके हैं. विशेष रूप से 13 अगस्त को एक ही दिन पागल हुए जंगली सूअरों ने छह लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था. लगातार हो रही घटनाओं के कारण अब ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल गंभीर बन गया है. जंगली सूअरों के बढ़ते उपद्रव को लेकर ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है. रविवार को वनरक्षक चंद्रकुमार पारधी के नेतृत्व में वन विभाग के करीब 10 कर्मचारियों ने धादरी-उमरी क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. जंगली सूअरों को पकड़ने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन अधिकांश सूअर भागने में सफल रहे. कार्रवाई के दौरान केवल एक जंगली सूअर का शावक वन विभाग के हाथ लगा, जिसे विभाग द्वारा तैयार किए गए सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया.

खेती का काम प्रभावित, खेत जाने से डर रहे किसान
वर्तमान में खरीफ का मौसम चल रहा है. खेतों में धान की फसल की दवाई का छिड़काव, निंदाई-गुड़ाई और अन्य कृषि कार्य जोर-शोर से चल रहे हैं. लेकिन जंगली सूअरों के डर के कारण कई किसान खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं. ऐसे में किसान खेतों की निगरानी, फसल की देखभाल और जरूरी कृषि कार्य कैसे करें, यह गंभीर सवाल धादरी-उमरी क्षेत्र के किसानों के सामने खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली सूअरों के आतंक पर तत्काल प्रभावी नियंत्रण करने और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here