जर्जर मकान की दीवार गिरने मासूम की मौत, अर्जुनी मोरगांव तहसील के खामखुरा की घटना

0
44

गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील के खामखुरा गांव में सोमवार, 24 अगस्त की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान की दीवार गिरने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक का नाम कोरंभी निवासी प्रतीक्षा मुकेश राऊत (2) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, खामखुरा निवासी विलास नेवारे के पुराने व जर्जर मकान की दीवार बारिश के कारण पूरी तरह गीली हो गई थी. अचानक दीवार भरभराकर गिर गई. इसी दौरान आंगन में खेल रही मासूम प्रतीक्षा दीवार के मलबे के नीचे दब गई. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. प्रतीक्षा के माता-पिता खेत मजदूरी करते हैं. काम के सिलसिले में उसके पिता प्रतिदिन सुबह उसे खामखुरा स्थित रिश्तेदार केशव नेवारे के घर छोड़कर जाते थे और शाम को काम से लौटने के बाद उसे वापस कोरंभी स्थित घर ले जाते थे. रोज की तरह सोमवार को भी प्रतीक्षा खामखुरा आई थी, लेकिन हादसे ने इस मासूम की जिंदगी छीन ली. घटना की जानकारी खामखुरा के पुलिस पाटील जयप्रकाश लाडे ने फोन के माध्यम से बीट अमलदार सुभाष डोंगरवार को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल, अर्जुनी मोरगांव भेजा गया. जांच बीट अमलदार सुभाष डोंगरवार व उनके सहयोगी तुलवी कर रहे हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here