आमद-ए-मुस्तफा पर सजीं गली-गली, 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मुहम्मदी

0
13

गोंदिया. जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर गोंदिया शहर में 26 अगस्त को जश्न-ए-विलादत पूरे अकीदत, शान और शौकत के साथ मनाया जाएगा. इस्लाम के पैरोकारों के लिए रहमतुल्लिल आलमीन, आखिरी नबी हजरत मुहम्मद मुस्तफा (स.अ.व.) की पैदाइश का यह मुबारक दिन बेहद अहम है. इस अवसर पर भारत सहित दुनियाभर में जश्न-ए-विलादत मनाया जाता है. हजरत मुहम्मद (स.अ.व.) की आमद की खुशी में गोंदिया शहर की विभिन्न मस्जिदों, गलियों और चौराहों को सब्ज पताकाओं, रोशनियों और सजावट से सजाया गया है. शहर में जगह-जगह नातिया महफिल, मिलाद शरीफ और तकरीरी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें मशहूर नातख्वानों एवं उलमा-ए-किराम द्वारा नात-ए-पाक और सीरत-ए-मुस्तफा के विभिन्न पहलुओं पर रोशनी डाली जा रही है.

ईदगाह मैदान से शुरू होगा जुलूस-ए-मुहम्मदी
इस्लामी हिजरी कैलेंडर के अनुसार 12 रबीउल अव्वल के अवसर पर 26 अगस्त को सुबह 9:30 बजे ईदगाह मैदान से जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला जाएगा. जुलूस की शुरुआत परचमकुशाई के साथ होगी. इस अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों के इमाम, उलमा-ए-किराम, धार्मिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे. मरकजी सीरतुन्नबी कमेटी के सदर इरशाद (ईशान) शेख की सदारत में जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आम लोगों तक पैगंबर-ए-इस्लाम की सीरत, अमन, भाईचारे, इंसानियत और मोहब्बत का पैगाम पहुंचाएगा.

जगह-जगह होगा जुलूस का इस्तकबाल
जुलूस-ए-मुहम्मदी के इस्तकबाल के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में सामाजिक एवं धार्मिक कमेटियों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं. अकीदतमंदों के लिए मिठाई, नाश्ता, फल और शरबत की सबील सहित विभिन्न सेवाओं की व्यवस्था की गई है. जुलूस में शामिल लोगों का जगह-जगह गर्मजोशी से इस्तकबाल किया जाएगा.

सुभाष स्कूल ग्राउंड में होगा समापन, आम लंगर का आयोजन
जुलूस-ए-मुहम्मदी का समापन सुभाष स्कूल ग्राउंड में होगा. समापन के बाद अकीदतमंदों के लिए आम लंगर का भी आयोजन किया गया है. आयोजकों ने जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के इस मुबारक अवसर को पूरी अकीदत, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है. जुलूस के माध्यम से अमन, मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का पैगाम आम करने का आह्वान किया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here