मरकजी सीरतुन्नबी कमेटी की निगरानी में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदिया, हजारों अकीदतमंदों ने की शिरकत; जगह-जगह हुआ स्वागत
गोंदिया. इस्लाम के पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम) की विलादत के मुबारक अवसर पर बुधवार को गोंदिया शहर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पूरे अकीदत, उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर की फिजा ‘लब्बैक या रसूल अल्लाह’ की सदाओं से गूंज उठी। मरकजी सीरतुन्नबी कमेटी की निगरानी में निकाले गए जुलूस-ए-मोहम्मदिया में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद (स.अ.व.) की तालीमात को इंसानियत, अमन, सादगी, गरीबों, बेसहारा और जरूरतमंदों के अधिकारों तथा महिलाओं और बेटियों के सम्मान का संदेश बताते हुए शहरभर में मिलाद का जश्न मनाया गया। जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने नात-ए-पाक पढ़ते हुए और दरूद-ओ-सलाम पेश करते हुए अपने नबी की आमद की खुशी का इजहार किया।
फजर की नमाज के बाद परचमकुशाई और सलात-ओ-सलाम
जुलूस से पहले शहर की विभिन्न मस्जिदों में सुबह सादिक के समय नमाज-ए-फजर अदा की गई। इसके बाद परचमकुशाई की रस्म हुई तथा पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (स.अ.व.) की विलादत के मौके पर सलात-ओ-सलाम का नजराना पेश किया गया।

ईदगाह मैदान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदिया
जुलूस-ए-मोहम्मदिया की शुरुआत गोंदिया के ईदगाह मैदान से हुई। यहां शहर की विभिन्न मस्जिदों के खतीब व इमाम, उलमा-ए-किराम, मस्जिदों के सदर, अराकीन-ए-कमेटी, मुस्लिम इदारों के पदाधिकारी, मुस्लिम जमात के सदर, मरकजी सीरतुन्नबी कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य तथा बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।उलमा और खतीब-ओ-इमाम के हाथों इस्लामी परचम फहराया गया। इस दौरान तकरीर, नातख्वानी और सलात-ओ-सलाम का आयोजन हुआ। इसके बाद जुलूस शहर की प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और गली-कूचों से होकर आगे बढ़ा। जुलूस में शामिल लोग नात और नारों के साथ पैगंबर-ए-इस्लाम की विलादत की खुशी मनाते नजर आए।

सब्ज पताकों, रोशनी और आकर्षक गेटों से सजा शहर
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी को लेकर गोंदिया शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष सजावट की गई। प्रमुख मार्गों और मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सब्ज पताकाएं, आकर्षक रोशनी और स्वागत द्वार लगाए गए। कई स्थानों पर इस्लामी झांकियां भी तैयार की गईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह मुस्लिम समाज के साथ-साथ अन्य समाज के लोगों ने भी स्वागत किया। अकीदतमंदों के लिए मिठाई, शरबत, फल और नाश्ते की व्यवस्था की गई। विभिन्न समाजों के लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

सुभाष स्कूल मैदान में हुआ समापन, हुसैनी चौक और बाजार चौक में लंगर
जुलूस-ए-मोहम्मदिया का समापन सुभाष स्कूल ग्राउंड में हुआ। इसके बाद सुभाष स्कूल ग्राउंड के साथ ही हुसैनी चौक, रामनगर और बाजार चौक में आम लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
मरकजी कमेटी के सदर ईरशाद ‘ईशान’ शेख का जगह-जगह इस्तकबाल
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के आयोजन में मरकजी सीरतुन्नबी कमेटी के सदर जनाब ईरशाद (ईशान) शेख का विभिन्न चौक-चौराहों पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुस्लिम समाज के लोगों के साथ ही अन्य समाज के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी फूलों की मालाएं व गुलदस्ते भेंट कर उनका इस्तकबाल किया।
पुलिस प्रशासन का रहा भरपूर सहयोग
जुलूस के दौरान अमन, सौहार्द और सादगी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। मरकजी सीरतुन्नबी कमेटी की ओर से पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पुलिस प्रशासन ने भी जुलूस को सुचारु रूप से संपन्न कराने में भरपूर सहयोग दिया। पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा एसडीपीओ गोंदिया के मार्गदर्शन में शहर थाना, रामनगर थाना और यातायात पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस महकमे की ओर से मुस्लिम समाज के लोगों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद भी दी गई। मरकजी सीरतुन्नबी कमेटी के सदर ईरशाद (ईशान) शेख और कमेटी पदाधिकारियों ने जुलूस के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने वाले पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों, विभिन्न समाजों के नागरिकों तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



